DESK REPORT, मुजफ्फरपुर। जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोबरसही चौक के पास डुमरी जाने वाली सड़क पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क की खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के इलाके में भूकंप जैसा कंपन महसूस किया गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत होने और कई लोगों के घायल होने की सूचना है। हालांकि, मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि का इंतजार है। विस्फोट के कारण घटनास्थल के पास स्थित एक बिल्डिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूटने की सूचना है। वहीं, सामने से गुजर रही डीएवी खबड़ा स्कूल की बस के शीशे भी धमाके के कारण टूट गए।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, विस्फोट के बाद घटनास्थल से काफी देर तक धुआं निकलता रहा। धमाके की आवाज और कंपन से आसपास के लोग दहशत में आ गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, रेस्क्यू टीम, एंबुलेंस और अग्निशमन विभाग की गाड़ियां पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को उपचार के लिए भेजा गया।
घटना को लेकर नगर-2 एसडीपीओ ने प्रारंभिक जानकारी दी। वहीं, जिला पदाधिकारी श्री कुमार गौरव ने भी घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी देते हुए मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि घायलों का उपचार जारी है और प्रशासन की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल गैस पाइपलाइन में विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासनिक टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस हादसे ने सड़क किनारे चल रहे निर्माण एवं खुदाई कार्यों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Continue With Google