पूर्णिया। पूर्णिया जिले में साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए बैंक कर्मी बनकर एक व्यक्ति के बैंक खाते से एक लाख रुपये उड़ा लिए। अपराधियों ने पहले फोन कर पीड़ित को खाता लॉक होने की जानकारी दी और फिर इसी बहाने दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 50-50 हजार रुपये की निकासी कर ली।

मामला चूनापुर निवासी जीवछ यादव से जुड़ा है। पीड़ित ने बताया कि बीते दिन सुबह करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को उज्जीवन फाइनेंस बैंक का कर्मचारी बताया और कहा कि उनका बैंक खाता लॉक हो गया है। खाते को दोबारा चालू कराने के लिए आधार कार्ड और पैन कार्ड लेकर बैंक आने की सलाह दी गई।

जीवछ यादव ने बताया कि वह बैंक जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि इसी दौरान उनके मोबाइल पर खाते से पैसे कटने का मैसेज आया। मैसेज देखते ही उनके होश उड़ गए। जांच करने पर पता चला कि उनके खाते से दो बार में 50-50 हजार रुपये, कुल एक लाख रुपये निकाल लिए गए हैं।

घटना के बाद पीड़ित ने पूर्णिया के चित्रवाणी रोड स्थित उज्जीवन फाइनेंस बैंक शाखा पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके साथ ही उन्होंने साइबर थाना में भी लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

गौरतलब है कि जिले में साइबर अपराधी लगातार नए-नए हथकंडे अपनाकर आम लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। कभी बैंक अधिकारी बनकर तो कभी केवाईसी अपडेट और खाता बंद होने का डर दिखाकर लोगों की मेहनत की कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं।

ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, बैंकिंग पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करें। बैंक खाते से संबंधित किसी भी समस्या की पुष्टि सीधे बैंक की आधिकारिक शाखा या हेल्पलाइन से करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।