पूर्णिया। चिकित्सा एवं शोध के क्षेत्र में पूर्णिया ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच), पूर्णिया के ऑर्थोपेडिक विभाग के प्रोफेसर एवं विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. के.एस. आनंद के शोध कार्य को इटली से प्रकाशित होने वाले प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मेडिकल जर्नल MLTJ (Muscles, Ligaments and Tendons Journal) में प्रकाशित किया गया है। उनके शोध को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिलने से जीएमसीएच पूर्णिया का गौरव बढ़ा है।

डॉ. के.एस. आनंद ने क्रॉनिक लेटरल एंकल इंस्टेबिलिटी (Chronic Lateral Ankle Instability) विषय पर विशेष शोध किया है। यह टखने से जुड़ी एक ऐसी समस्या है, जिसमें पैर के टखने का बाहरी हिस्सा बार-बार मुड़ जाता है या उसमें कमजोरी महसूस होती है। सामान्यतः यह स्थिति टखने में पहले आई मोच के पूरी तरह ठीक नहीं होने अथवा बार-बार मोच आने के कारण उत्पन्न होती है। इस समस्या के विभिन्न चिकित्सकीय पहलुओं को लेकर किए गए उनके शोध को अंतरराष्ट्रीय मेडिकल जर्नल में स्थान दिया गया है।

इस उपलब्धि पर डॉ. के.एस. आनंद ने बताया कि जीएमसीएच पूर्णिया में ऑर्थोपेडिक प्रोफेसर एवं विशेषज्ञ के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने क्रॉनिक लेटरल एंकल इंस्टेबिलिटी पर विशेष रूप से शोध कार्य किया। उनके इसी शोध को अंतरराष्ट्रीय स्तर के MLTJ जर्नल में प्रकाशित किया गया है। उन्होंने इसे चिकित्सा और शोध के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

वहीं, पूर्णिया मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने डॉ. के.एस. आनंद के शोध कार्य की सराहना करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा वाले मेडिकल जर्नल में कॉलेज के चिकित्सक का शोध प्रकाशित होना पूरे संस्थान के लिए गर्व की बात है। यह मेडिकल कॉलेज की विश्वसनीयता और शैक्षणिक गुणवत्ता को भी दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि डॉ. के.एस. आनंद की यह उपलब्धि निश्चित रूप से गौरवान्वित करने वाली है। इससे मेडिकल कॉलेज के अन्य चिकित्सकों और शोधकर्ताओं को भी चिकित्सा के क्षेत्र में बेहतर शोध करने की प्रेरणा मिलेगी।

अंतरराष्ट्रीय मेडिकल जर्नल में डॉ. आनंद के शोध का प्रकाशन पूर्णिया सहित पूरे सीमांचल के चिकित्सा जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।