पटना। देश में उच्च शिक्षा के नाम पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले फर्जी शैक्षणिक संस्थानों के खिलाफ विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने बड़ी कार्रवाई की है। आयोग ने देशभर में संचालित 32 संस्थानों को फर्जी विश्वविद्यालय के रूप में चिह्नित किया है। इन संस्थानों के पास विश्वविद्यालय के रूप में डिग्री जारी करने का कोई वैधानिक अधिकार नहीं है।

  

UGC की ओर से जारी सूची के मुताबिक, फर्जी विश्वविद्यालयों की सबसे अधिक संख्या राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में है, जहां 12 संस्थानों को चिह्नित किया गया है। इसके बाद उत्तर प्रदेश में चार संस्थान इस सूची में शामिल हैं। वहीं आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में दो-दो संस्थानों की पहचान की गई है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, झारखंड और राजस्थान में एक-एक संस्थान को फर्जी विश्वविद्यालय के रूप में चिह्नित किया गया है।

छात्रों और अभिभावकों को UGC की चेतावनी

आयोग ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि किसी भी विश्वविद्यालय में दाखिला लेने से पहले उसकी मान्यता और वैधानिक स्थिति की पूरी जानकारी प्राप्त करें। केवल आकर्षक विज्ञापनों, ब्रोशर या सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों के आधार पर किसी संस्थान पर भरोसा नहीं करें।

UGC ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश से पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों की सूची अवश्य देखें। इसके साथ ही संबंधित पाठ्यक्रम की मान्यता तथा ऑनलाइन और डिस्टेंस एजुकेशन के लिए आवश्यक अनुमति की भी जांच करें।

फर्जी डिग्री से बर्बाद हो सकता है भविष्य

फर्जी विश्वविद्यालयों में दाखिला लेने वाले छात्रों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ भविष्य में भी गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे संस्थानों से प्राप्त डिग्री सरकारी और निजी नौकरियों या उच्च शिक्षा में अमान्य साबित हो सकती है।

UGC की इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों को फर्जी विश्वविद्यालयों के जाल से बचाना और देश में उच्च शिक्षा की गुणवत्ता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना है। आयोग ने विद्यार्थियों से अपील की है कि किसी भी संस्थान में प्रवेश लेने से पहले उसकी मान्यता की पुष्टि जरूर करें।