भुज (गुजरात)। गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा रोड पर वेकड़िया रण के समीप एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो पुरुष, दो महिलाएं और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। हादसे में सेना में तैनात उत्तराखंड के एक जवान का परिवार और उनके रिश्तेदार भी शामिल बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान रिंकी नितिन गुसाईं, सौरसिंह जसपालसिंह नेगी, सविता सौरसिंह नेगी, वामिका नितिन गुसाईं, सिविका सौरसिंह नेगी, राजेश रावत और रक्षिता राजेश रावत के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक विकास सुंडा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर भी स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुख, मुआवजे की घोषणा
इस दर्दनाक हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से आधिकारिक X हैंडल पर दी गई जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, हादसे में घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को 50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
इस हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। एक साथ सात लोगों की मौत, खासकर तीन मासूम बच्चों की जिंदगी खत्म होने से पूरे इलाके में शोक की लहर है। वहीं, प्रधानमंत्री की ओर से घोषित आर्थिक सहायता से पीड़ित परिवारों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
Continue With Google