अनिल कुमार शर्मा, ब्यूरो प्रमुख, पूर्णिया। पूर्णिया में बुधवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ एनडीए की ओर से भव्य पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा शामिल हुए। उन्होंने एनडीए के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कदम से कदम मिलाकर शहर की सड़कों पर मार्च किया।
पदयात्रा की शुरुआत पूर्णिया के रजनी चौक से हुई, जो भट्ठा झंडा चौक और कालीबाड़ी होते हुए आरएन साव चौक पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान एनडीए के सभी घटक दलों के नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पदयात्रा में बिहार सरकार के मंत्री दिलीप जायसवाल, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, बनमनखी विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, सदर विधायक विजय खेमका समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। पूरे रास्ते भारत माता की जय, जय श्रीराम और नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारों से पूर्णिया शहर गूंजता रहा। कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
पदयात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने वोट चोरी के आरोपों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग वोट चोरी की बात करते हैं, उन्हें आकर उनसे ट्रेनिंग लेनी चाहिए। जब चुनाव जीतते हैं तो वोट चोरी नहीं होती और जब हार जाते हैं तो वोट चोरी का आरोप लगाने लगते हैं। इस तरह रोना-धोना अच्छी बात नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि लोगों के दिल जीतने का काम करना चाहिए। सिर्फ ‘सर-सर’ करने से चुनाव नहीं जीता जा सकता। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने दीपावली और वैलेंटाइन डे के संदर्भ में गुलाब देने की बात कही और भारतीय संस्कृति को लेकर भी टिप्पणी की।
हिमंत बिस्वा सरमा ने विपक्षी नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग अपनी औकात दिखाने की बात करते हैं, उन्हें पहले बार-बार चुनाव हारने के बाद अपनी राजनीतिक स्थिति देखनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति लगातार चुनाव हार रहा हो, वह जीतने वाले को किस आधार पर चुनौती दे सकता है।
कुल मिलाकर पूर्णिया में आयोजित इस पदयात्रा के जरिए एनडीए ने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। वहीं, असम के मुख्यमंत्री के बयानों ने बिहार की सियासत में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ाने का संदेश भी दिया।

पूर्णिया में हिमंत बिस्वा शर्मा का राहुल गांधी पर तीखा हमला, बोले- मोदी सरकार ने 140 करोड़ लोगों का दिल चुराया
पूर्णिया। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से पूर्णिया के ऐतिहासिक रजनी चौक पर आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा के दौरान विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने EVM में गड़बड़ी, वोट चोरी, मतदाता सूची के संशोधन और सीमांचल में अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा।

राहुल गांधी के देशभर में वोट चोरी के आरोपों का जवाब देते हुए हिमंत बिस्वा शर्मा ने कहा कि देश में कोई वोट चोरी नहीं हो रही है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और NDA सरकार ने 140 करोड़ देशवासियों का दिल चुरा लिया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में 500 वर्षों के लंबे इंतजार और संघर्ष के बाद भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ। जब आक्रांता के प्रतीक को हटाकर प्रभु श्रीराम का मंदिर बनाया जाता है, तो जनता का दिल जीतने की बात सामने आती है।
वोटर लिस्ट संशोधन को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के संशोधन कार्य का जिक्र करते हुए कहा कि सीमांचल, असम और पश्चिम बंगाल जैसे सीमावर्ती क्षेत्रों में फर्जी और अवैध प्रविष्टियों को हटाने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि मतदाता सूची को शुद्ध करने और अवैध नामों को हटाने में विपक्ष को परेशानी क्यों हो रही है? उन्होंने जनता से मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और हर योग्य भारतीय नागरिक का नाम सुनिश्चित करने की अपील की।
EVM पर विपक्ष की दोहरी नीति का लगाया आरोप

चुनाव में हार के बाद EVM पर सवाल उठाने को लेकर हिमंत बिस्वा शर्मा ने विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष चुनाव जीतता है तो EVM सही होती है, लेकिन जब NDA या जनता दल को जनादेश मिलता है तो EVM में गड़बड़ी बताई जाने लगती है।
पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यदि EVM वास्तव में खराब है तो राहुल गांधी और पप्पू यादव को नैतिकता के आधार पर अपनी सदस्यता से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों तरफ की सुविधा के अनुसार राजनीति करने का यह खेल अब नहीं चलेगा।
घुसपैठ के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अवैध घुसपैठियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई से राहुल गांधी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बिहार, पश्चिम बंगाल और असम में चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं हैं।
जनसभा के अंत में हिमंत बिस्वा शर्मा ने लोगों से अपील की कि वे अपनी मतदाता सूची में नाम की जांच करें। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि कोई भी योग्य और वास्तविक भारतीय नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।
रजनी चौक पर आयोजित इस जनसभा में BJP की पदयात्रा के दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। मुख्यमंत्री के संबोधन में राम मंदिर, EVM, मतदाता सूची और घुसपैठ जैसे मुद्दे प्रमुखता से छाए रहे।
Continue With Google