पूर्णिया, 16 अक्टूबर। पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के डीएवी रोड स्थित भाजपा नगर पश्चिम मंडल की बैठक में विधायक विजय खेमका शामिल हुए। मंडल अध्यक्ष गोपाल सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान विधायक विजय खेमका ने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने की अपील की। उन्होंने सभी मंडलों के शक्ति केंद्र प्रमुखों एवं प्रभारियों से स्नातक मतदाताओं के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही एनडीए प्रत्याशी एवं पूर्व विधान पार्षद डॉ. एन.के. यादव को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने तथा 23 अक्टूबर को मतदान करने की अपील की।

विकास योजनाओं को लेकर विधायक ने दी जानकारी

विधायक विजय खेमका ने बैठक में पूर्णिया शहर के विकास के लिए प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सदर अस्पताल, हाइपर स्टेशन, नगर वन, बेसिक खाद्य प्रयोगशाला और इंटेलिजेंस ब्यूरो कार्यालय के निर्माण सहित दो नए विद्युत शक्ति उपकेंद्रों की स्थापना को स्वीकृति मिल चुकी है। इन योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए प्रशासन की ओर से भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया की जा रही है।

उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से पूर्णिया के विकास को नई गति मिलेगी और शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

29 सड़कों और नालों के निर्माण की अनुशंसा

विधायक ने बताया कि शहर में आवागमन को सुगम बनाने और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत 29 प्रमुख सड़कों एवं नालों के निर्माण की अनुशंसा की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संबंधित विभाग जल्द ही इन निर्माण कार्यों को शुरू करेगा, जिससे शहर की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा।

इसके अलावा बेलोरी गुदरा घाट और मधुबनी कठकरेजा घाट पर पक्के सीढ़ीनुमा अंत्येष्टि प्लेटफॉर्म के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण तथा पूर्णिया सिटी स्थित सौरा नदी के सौंदर्यीकरण की भी अनुशंसा की गई है।

विधायक विजय खेमका ने कहा कि पूर्णिया के विकास, बेहतर आवागमन, जलनिकासी और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। प्रस्तावित योजनाओं के कार्यान्वयन से शहर के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

भाजपा कार्यकर्ता रहे उपस्थित

बैठक में मिथिलेश पोद्दार, अजीत सिन्हा, चंद्रकिशोर भगत, भगवान झा, रामानंद महलदार, अवधेश सिंह, किशोर शाह, विनोद सिन्हा, कमलेश्वरी मेहता, रघुवीर साह, गणेश घोष, राखी सिन्हा, मनोज श्रीवास्तव, सोनू सिंह, रामपदारथ दास, दशरथ महलदार, भगीरथ मांझी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।