Purnia, Bihar: बिहार के पूर्णिया जिले में खेल प्रतिभाओं का बड़ा संगम देखने को मिल रहा है। बिहार सरकार और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के संयुक्त तत्वावधान में 70वीं SGFI राज्य स्तरीय विद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ इंदिरा गांधी स्टेडियम में किया गया। इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से 320 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

मंत्री लेशी सिंह ने मशाल जलाकर किया उद्घाटन

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह, कसबा विधायक नितेश कुमार सिंह, जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और खेल संघों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। पारंपरिक झिझिया नृत्य ने समारोह में बिहार की लोक संस्कृति की झलक पेश की। वहीं, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने मशाल मार्च पास्ट कर खेल भावना और अनुशासन का संदेश दिया।

भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने मशाल प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान शील्ड का अनावरण भी किया गया। उद्घाटन के अवसर पर 600 मीटर दौड़ का आयोजन भी हुआ।

'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' से खिलाड़ियों को मिल रहा प्रोत्साहन

समारोह को संबोधित करते हुए भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित है। सरकार 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' जैसी पहल के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रही है। इसके साथ ही खेल और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पूर्णिया को राज्य स्तरीय विद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिलना जिले के लिए गौरव की बात है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

हर खेल में आगे बढ़ रहा बिहार: विधायक नितेश सिंह

वहीं, कसबा विधायक नितेश कुमार सिंह ने कहा कि बिहार अब केवल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि अन्य खेलों में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 320 खिलाड़ियों की भागीदारी से उभरती खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही पूर्णिया में खेल गतिविधियों को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है।