पूर्णिया। बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने और अवैध शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पूर्णिया की के.हाट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर संजय कुमार के लॉज में छापेमारी कर 234 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को के.हाट थाना को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि रात्रि गश्ती के दौरान संजय कुमार के लॉज में भारी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। शराब को तस्करी के उद्देश्य से जमा किए जाने की सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 अभिनव परासर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित लॉज में छापेमारी की और 234 लीटर विदेशी शराब बरामद की। मौके से दो टीन के बक्से और एलजी कंपनी का एक फ्रिज भी बरामद किया गया है।

इस मामले में के.हाट थाना कांड संख्या 471/26, दिनांक 16 अक्टूबर 2026 के तहत बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधित अधिनियम, 2018 की धारा 30(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार, इस कांड में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। शराब कहां से लाई गई थी और इसकी तस्करी में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इन बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 अभिनव परासर, के.हाट थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक रंजन कुमार ठाकुर, पुलिस अवर निरीक्षक कुमार पंकज, पुलिस अवर निरीक्षक संजीत कुमार, सहायक अवर निरीक्षक मो. अब्दुल्लाह खां तथा के.हाट थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

पूर्णिया पुलिस ने शराबबंदी कानून के उल्लंघन और अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।