पूर्णिया। कोसी-सीमांचल समेत पूर्वी बिहार के कई जिलों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पूर्णिया, अररिया और किशनगंज सहित आसपास के इलाकों में हुई रिमझिम बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को ठंड का एहसास करा दिया है। मौसम में आए इस बदलाव से जहां वातावरण सुहाना हो गया है, वहीं तापमान में गिरावट के कारण सर्दी का असर भी बढ़ने लगा है।
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्णिया समेत पूर्वी बिहार के कई जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश दर्ज की गई। पूर्णिया में 29.02 मिलीमीटर, कटिहार में 28.8 मिलीमीटर और भागलपुर में 26.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। रातभर रुक-रुककर हुई बारिश के बाद रविवार सुबह वर्षा थम गई, लेकिन आसमान में बादलों का डेरा बना रहा।
मौसम वैज्ञानिक राकेश कुमार के अनुसार, 20 नवंबर की रात चक्रवाती तूफान का प्रभाव कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील हो गया था। हालांकि वातावरण में नमी बनी हुई है, जिसके कारण पूर्वी बिहार और सीमांचल के इलाकों में बारिश की स्थिति बनी रही। उन्होंने बताया कि अगले 24 घंटे तक आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इसके बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और सुबह के समय हल्के स्तर का कुहासा भी छा सकता है।
कई जिलों में 2 से 4 डिग्री तक गिरा अधिकतम तापमान
मौसम विभाग की 22 नवंबर 2026 की दैनिक मौसम विज्ञप्ति के अनुसार, पिछले 24 घंटों में बिहार के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। राज्य में अधिकतम तापमान 22.5 से 30.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस वाल्मीकि नगर में रिकॉर्ड किया गया।
अगले 24 घंटे तक बादलों का रहेगा असर
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले तीन दिनों के दौरान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
कोहरे को लेकर भी मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने 22 नवंबर को बिहार के उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम हिस्सों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। 23 नवंबर को दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों में भी सुबह के समय कुहासा देखने को मिल सकता है।
मौसम में अचानक आए इस बदलाव के बाद लोगों को बदलते तापमान के प्रति सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को ठंडी हवाओं और नमी से बचाव करने की सलाह दी जा रही है। बारिश के बाद सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।
मौसम की विस्तृत जानकारी के लिए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त की जा सकती है:
https://mausam.imd.gov.in/patna/mcdata/district.pdf
Continue With Google